सुलतानपुर , अक्टूबर 24 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार दोपहर आर्टिका कार और स्विफ्ट डिजायर कार में आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें बिहार के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत सात अन्य घायल हो गए हैं। जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी लाया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि दोस्तपुर थाना क्षेत्र के किमी 162. 7 पर बढ़ोली गांव के पास आज दोपहर दो कारों के बीच आमने सामने भिड़ंत हुई है। आर्टिका कार आजमगढ़ से लखनऊ की ओर जा रही थी। सामने से लखनऊ से गाजीपुर आ रही स्विफ्ट डिजायर कार अचानक सामने से आकर भीड़ गई। दुर्घटना में स्विफ्ट डिजायर कार पर सवार श्याम बिहारी सिंह (62) पुत्र टिक्कू सिंह निवासी बिहार और अजय कुमार गुप्ता(40) पुत्र देवेंद्र, निवासी बिहार की मौके पर मौत हो गई जबकि कन्हैया पुत्र ध्यान सिंह, अशोक कुमार यादव निवासी बेतिया, बिहार गंभीर रूप से घायल हुए। इन्हें सीएचसी दोस्तपुर से जिला अस्पताल अम्बेडकर नगर रेफर किया गया है।
वही आर्टिका कार पर सवार रीता पत्नी राजेश कुमार(45) निवासी आजमगढ़, उनकी बेटी दीक्षा पुत्री राजेश कुमार (18)दीपशिखा (21) गरिमा पुत्री विनोद (25) और संदीप यादव पुत्र सुरेश यादव (30) निवासी कलदपुर, आजमगढ़ घायल हुए हैं। इन सबका सीएचसी में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार रीता के बेटे की नवम्बर में शादी है इसके लिए वे परिवार के साथ मार्केटिंग करने लखनऊ जा रही थी।
सीएचसी दोस्तपुर पर अधीक्षक डॉ अजीत, डॉ आरके पांडेय और डॉ आज्ञाराम यादव ने सभी मरीजों का इलाज किया। यहां पर दोस्तपुर क्राइम इंस्पेक्टर सूबेदार यादव, दरोगा अनूप सिंह व यूपीडा के अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित