सुलतानपुर , मई 17 -- उत्तर-प्रदेश में सुलतानपुर जिले के दोस्तपुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रविवार को एक सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के खालिसपुर दुर्गा गांव के पास एक्सप्रेस-वे के 155.6 किलोमीटर पर आज सुबह करीब छह बजे होंडा एसपी मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवक गाजीपुर से लखनऊ की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि चालक को रास्ते में नींद आने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पटना के खगौल निवासी भक्सर (30) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खगौल निवासी शनि (19) गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घायल को यूपीडा की एम्बुलेंस सेवा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अंबेडकर नगर रेफर कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित