सुलतानपुर , अक्टूबर 29 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार को सड़क दुर्घटना में आजमगढ़ के एक व्यक्ति की मौत हो गई। वह आजमगढ़ से लखनऊ अपनी बेटी से मिलने जा रहे थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र के पवई गांव निवासी रघुवंश मणि त्रिपाठी (52) आजमगढ़ से लखनऊ जा रहे थे। रघुवंश मणि त्रिपाठी की पुत्री ने बच्चे को जन्म दिया था। उनकी पुत्री लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद वह उससे मिलने के लिए गुरुवार तड़के करीब दो बजे घर से अकेले कार लेकर लखनऊ के लिए निकले थे। करीब 100 किलोमीटर तक कार चलाने के बाद उन्हें किसी कारण बस अपनी कार पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 89 वें किलोमीटर के पास बाईं ओर किनारे रोक दी और आराम करने लगे।
इसी दौरान पीछे से आए किसी बड़े वाहन ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। जिससे रघुवंश मणि त्रिपाठी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अयोध्या स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित