आजमगढ़ , अगस्त 28 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार रोडवेज बस के पिलर से टकराने से बस चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल समेत आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, बेल्थरा रोड डिपो की रोडवेज बस लखनऊ से बलिया जा रही थी। देर रात पवई थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के स्टोन नंबर 191 के पास बस के आगे चल रहा पिकअप अचानक अनियंत्रित हो गया। पिकअप को बचाने के प्रयास में बस का संतुलन बिगड़ गया और वह एक्सप्रेसवे किनारे बने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पिलर से जा टकराई। हादसे में बस चालक रजनीकांत (35), निवासी मधुबन, मऊ और एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बस में फंसे यात्रियों को पुलिस और राहतकर्मियों ने बाहर निकाला। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

हादसे में घायल यात्रियों में अंजू बरनवाल (54), हर्ष बरनवाल (25), सोविका (18), सुनीता (22), नितांजलि यादव (16), रंभा (38), आनंद (19), शुभम सेकर (12), रुचि (3), रुदल (45), प्रिंस यादव, गुंसन (23), अनुष्का (18), सुशील (41), श्वेता (22), कौशल किशोर दुबे (62), भगवती (38), अंकिता (20), सृष्टि (21), गोलू (15), संजू (17), प्रियंका श्रीवास्तव (36), स्वाति श्रीवास्तव (14), बृजेश चौहान (20), निशा यादव (30), उर्मिला (30), नितियावती दुबे (45), सतीश मौर्य (21), अखिलेश तिवारी (28), प्रतिमा प्रजापति (18), श्रेया यादव (19), पवन कुमार श्रीवास्तव (50), शिवानी (21) और कमलेश (45) शामिल हैं।

सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार समेत जिले के कई अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार तथा राहत कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को एक्सप्रेसवे से हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह पिकअप के अचानक अनियंत्रित होने और उसे बचाने के प्रयास में बस का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित