पटना , जून 04 -- बिहार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय कुमार सिंह ने पूर्णिया प्रक्षेत्र में संचालित पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए बंद पड़े सभी चापाकलों की मरम्मत 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री श्री सिंह ने पूर्णिया प्रक्षेत्र की समीक्षा बैठक में जलापूर्ति योजनाओं, पेयजल आपूर्ति की स्थिति, ऑपरेटरों के मानदेय भुगतान और जनशिकायतों के निस्तारण की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में चापाकल पेयजल का प्रमुख स्रोत हैं, इसलिए उनकी कार्यशीलता बनाए रखना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी जलापूर्ति योजना के बंद पाए जाने पर संबंधित संवेदक और जिम्मेदार कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने जलापूर्ति योजनाओं के संचालन में लगे ऑपरेटरों के मानदेय का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं के सफल संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सीजीआरसी, सहयोग शिविर और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देशों के आलोक में मंत्री ने अधिकारियों को गर्मी के मौसम में सुबह और शाम की जलापूर्ति अवधि में एक-एक घंटे की वृद्धि करने का निर्देश दिया, जिससे लोगों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध हो सके।उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। उत्कृष्ट कार्य करने वाले शीर्ष पांच अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि लगातार खराब प्रदर्शन करने वाले पांच अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी। साथ ही मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता और सहायक अभियंता को सप्ताह में कम से कम एक दिन क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है।

बैठक में विभाग के प्रधान सचिव राजेश कुमार, अभियंता प्रमुख सह विशेष सचिव नित्यानंद प्रसाद समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित