पूर्णिया , मार्च 12 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरूवार को कहा कि पूर्णिया जिले में डेयरी को बढ़ावा देने के लिए सभी 378 गांवों में दूध उत्पादन समितियों का गठन तथा सभी 230 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केन्द्र खोला जायेगा।

श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में पूर्णिया के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सात निश्चय-3 के तहत अगले पांच वर्षों 2025 से 2030 के बीच में पूर्णिया जिले में अनेक काम कराये जायेंगे। उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए जिले की पांच लाख 12 हजार महिलाओं को 10 हजार रुपये के हिसाब से राशि दी जा चुकी है। उन्हें रोजगार आगे बढ़ाने के लिए दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जायेगी। पूर्णिया जिले में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कर नये उद्योग लगाये जाएंगे। डेयरी को बढ़ावा देने के लिए सभी 378 गांवों में दूध उत्पादन समितियों का गठन तथा सभी 230 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केन्द्र खोला जायेगा। सभी 14 प्रखंडों में आदर्श विद्यालय तथा डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी। सभी 14 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को विशिष्ट अस्पताल तथा पूर्णिया सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल के रूप में विकसित किया जायेगा।

श्री कुमार ने कहा कि अगले पांच वर्षों के लिए सात निश्चय-3 का गठन किया गया है, जिसमें दोगुना रोजगार दोगुनी आय के तहत राज्य की प्रति व्यक्ति औसत आय को दोगुना किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत हर महिला को 10 हजार रुपये दिये गये हैं। जिनका रोजगार अच्छा चलेगा उन्हें दो लाख रुपये तक की सहायता दी जायेगी। अगले पांच वर्षों में युवाओं को एक करोड़ नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराये जाएंगे। इसके लिए नये युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग का गठन किया गया है।

श्री कुमार ने कहा कि समृद्ध उद्योग सशक्त बिहार के तहत अगले पांच वर्षों में उद्योग लगाने पर पूरा जोर दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की जा रही है। बड़े उद्योगों के लिए मुफ्त भूमि एवं अनुदान दिया जा रहा है। पुरानी बंद चीनी मिलों को चालू किया जायेगा। कृषि में प्रगति प्रदेश की समृद्धि के तहत कृषि विकास के लिए पहले से ही काफी काम किया गया है। इसकाम में और तेजी लाने के लिए एक नये बिहार विपणन प्रोत्साहन निगम की स्थापना की गयी है। मखाना के उत्पादन को और बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि डेयरी एवं मछली पालन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए उन्नत शिक्षा उज्ज्वल भविष्य के तहत प्रत्येक प्रखंड में आदर्श विद्यालय एवं डिग्री कॉलेज खोले जा रहे हैं। एक नये एजुकेशन सिटी का निर्माण कराया जायेगा। सुलभ स्वास्थ्य सुरक्षित जीवन के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करने के लिए जिला एवं प्रखंड स्तरीय अस्पतालों को विशिष्ट चिकित्सा केन्द्र बनाया जा रहा है। राज्य में प्रतिष्ठित निजी अस्पतालों की स्थापना के लिए प्रोत्साहन दिया जायेगा। सरकारी चिकित्सकों की निजी प्रैक्टिस पर रोक लगाने की नीति लायी जायेगी। मजबूत आधार आधुनिक विस्तार के तहत आधारभूत संरचनाओं को बेहतर किया जायेगा जिसमें शहरों का विकास और नये नियोजित शहरों की स्थापना की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित