चम्पावत , जून 24 -- उत्तराखंड के चंपावत जिले के पूर्णागिरी में शारदा नदी में बहे दो युवकों का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। युवकों की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टनकपुर निवासी नैतिक सक्सेना और तरुण सक्सेना विगत 22 जून को अपने दोस्तों के साथ घूमने निकले थे। इसी दौरान पूर्णागिरी तहसील के बूम रेंज में कथित रूप से शारदा नदी में नहाते वक्त दोनों नदी की तेज धारा की चपेट में आ गये।
तभी से दोनों लापता हैं। सूचना मिलते ही राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन युवकों का कोई पता नहीं चल पाया। युवकों की तलाश में तब से लगातार व्यापक खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
आज भी पुलिस, एसडीआरएफ, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), एसएसबी इंटेलिजेंस तथा अन्य एजेंसियों की ओर से चंपावत पुलिस की अगुवाई में संयुक्त रूप से नदी और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया लेकिन आज भी युवकों का कोई पता नहीं मिल पाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित