चम्पावत , जुलाई 10 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में मां पूर्णागिरि धाम यात्रा मार्ग को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। ककराली-टनकपुर से पूर्णागिरि धाम तक स्ट्रीट लाइट स्थापना के लिए उत्तराखंड शासन ने पहली किश्त के रूप में दो करोड़ रुपये जारी किये हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्ट्रीट लाइट परियोजना के लिए 8.1037 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में घोषणा मद से स्वीकृत पांच करोड़ रुपये के सापेक्ष 40 प्रतिशत धनराशि यानी दो करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं।
परियोजना पूरी होने के बाद पूर्णागिरि धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को रात्रिकालीन यात्रा के दौरान बेहतर प्रकाश व्यवस्था मिलेगी। इससे यात्रा मार्ग अधिक सुरक्षित और सुगम होगा, वहीं धार्मिक पर्यटन और क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को भी मजबूती मिलेगी।
शासन ने निर्देश दिए हैं कि कार्य शुरू करने से पहले सभी तकनीकी एवं प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी की जाएं। कार्यदायी संस्था के साथ एमओयू हस्ताक्षरित करने और तकनीकी स्वीकृति प्राप्त होने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। परियोजना की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक तीन माह में प्रगति रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित