चम्पावत , अक्टूबर 22 -- उत्तराखंड के चम्पावत में माँ पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं और मेला व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने की दिशा में शासन ने अहम कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत सेलागाँव में बहुउद्देशीय प्रशासनिक भवन के निर्माण के लिए 8.54 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार परियोजना के लिए मुख्यमंत्री घोषणा मद से स्वीकृत 4 करोड़ रुपये के सापेक्ष प्रथम किस्त के रूप में 40 प्रतिशत यानी 1.60 करोड़ रुपये की धनराशि चालू वित्तीय वर्ष में जिलाधिकारी चम्पावत के निवर्तन पर रखी गई है।

इस भवन में मेला मजिस्ट्रेट, मेला अधिकारी, पुलिस और चिकित्सकों सहित संबंधित अधिकारियों को एक ही स्थान पर कार्य करने की सुविधा मिलेगी। इससे विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनेगा और मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सहायता, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का प्रभावी संचालन हो सकेगा।

माँ पूर्णागिरि धाम और शारदा क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करना जनपद के धार्मिक पर्यटन को सशक्त बनाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। शारदा कॉरिडोर के विकास की व्यापक परिकल्पना के साथ मेला क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाओं का यह विस्तार यात्रा व्यवस्थाओं को सुगम और सुव्यवस्थित बनाएगा।

शासन ने निर्माण कार्य की निरंतर निगरानी करते हुए उसे तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। कार्य शुरू करने से पहले सक्षम स्तर से तकनीकी स्वीकृति लेना और कार्यस्थल पर परियोजना की लागत, शुरू और पूर्ण होने की तिथि सहित जरूरी विवरण का बोर्ड लगाना अनिवार्य होगा।

भवन बनने से पूर्णागिरि मेले के संचालन के लिए स्थायी प्रशासनिक आधारभूत सुविधा विकसित होगी और देशभर से दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित