गोण्डा, जून 12 -- उत्तर प्रदेश में गोण्डा जिले के कर्नलगंज विधानसभा क्षेत्र के भलियनपुरवा में सड़क दुर्घटना में मारे गये लोगों के परिजनों से शुक्रवार को मुलाकात करने पहुंचे समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुये कहा कि वर्तमान समय में पूरे देश में घोटाला चल रहा हैं। उन्होंने कहा ," जब राममंदिर में घोटाला हो गया तो बचा ही क्या। अयोध्या में मंदिर के लोगों को पता हैं कि परिंदा कैसे पर मार लें गया।" उन्होंने भाजपा को संविधान विरोधी,महिला विरोधी,करार देते हुये कहा कि भाजपा के लोग अनर्गल आरोप लगाने के आदी हैं।

श्री पाल ने दावा करते हुये कहा कि 2027 के चुनाव में सामाजिक न्याय की स्थापना होगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होने आरोप लगाते हुये कहा कि भाजपा शासन में महिलाओं संग अत्याचार,बलात्कार व प्रताड़ना की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण सपा की देन हैं। उन्होंने डीजल पेट्रोल संकट पर कहा कि सरकार ने जब दोस्त को दुश्मन बना लिया तो नतीजा यही होना था। उन्होंने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुये कहा कि भाजपा समाज को बांटते बांटते अब मीडिया को भी बांटने लगी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित