भोपाल , अगस्त 13 -- राजधानी भोपाल के शाहपुरा इलाके में 12वीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा ने पूरक परीक्षा में असफल होने के बाद कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार छात्रा मैथ्स-साइंस की विद्यार्थी थी और 12वीं कक्षा में उसे पूरक आया था। बुधवार को पूरक परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ, जिसमें वह असफल हो गई। इसके बाद देर रात उसने घर के बाथरूम में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।

परिजनों के अनुसार इससे पहले भी छात्रा ने परीक्षा में पूरक आने पर कलाई काटकर आत्महत्या का प्रयास किया था। परिजनों ने उसे समझाया था और सप्लीमेंट्री परीक्षा देकर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया था। उसने परीक्षा की तैयारी भी की, लेकिन दोबारा असफल होने से वह काफी दुखी थी।

पुलिस को मिले सुसाइड नोट में छात्रा ने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए घटना के लिए स्वयं को जिम्मेदार बताया है। उसने माता-पिता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाने और परीक्षा में असफल होने से दुखी होने की बात लिखी है।

शाहपुरा पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। सुसाइड नोट और मोबाइल की जांच कराई जा रही है।

थाना प्रभारी संतोष मरकाम ने बताया कि मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। सुसाइड नोट और मोबाइल फोन की जांच के साथ ही अन्य पहलुओं पर भी पड़ताल की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित