जयपुर , जून 25 -- राजस्थान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष, हरियाणा में पार्टी प्रभारी एवं सांसद डॉ सतीश पूनियां ने गुरुवार को भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन और अन्य भाजपा नेताओं से दिल्ली में मुलाकात की।

डॉ पूनियां ने श्री नवीन से पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय में मुलाकात कर संगठनात्मक मार्गदर्शन लिया। इस अवसर पर डॉ पूनियां की श्री नवीन के साथ विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई।

पार्टी की यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार डॉ पूनियां ने कहा कि श्री नवीन के कुशल संगठनात्मक नेतृत्व में संगठन निरंतर नये आयाम स्थापित कर रहा है और सर्वस्पर्शी, सर्वव्यापी एवं सर्वसमावेशी संगठन के संकल्प को पूरे देश में नयी मजबूती मिल रही है। कार्यकर्ता नयी ऊर्जा के साथ पार्टी की मजबूती एवं राष्ट्र निर्माण के लिये कार्य कर रहे हैं।

डॉ पूनियां ने राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी एल संतोष से भी मुलाकात की। इस अवसर पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों भी मौजूद थे। इनके अलावा उन्होंने केन्द्रीय मंत्री विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल तथा महिला आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया राहटकर से भी मुलाकात की जो उनकी इन सभी लोगों से शिष्टाचार भेंट थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित