जयपुर , जून 08 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के नेता डॉ. सतीश पूनिया एवं डॉ. अलका गुर्जर का राज्यसभा में जाना राजस्थान के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा है कि इन दोनों के अनुभव का फायदा अब प्रदेश के साथ देश को भी मिलेगा।
श्री शर्मा सोमवार को विधानसभा की 'हां पक्ष लॉबी' में विधायक दल की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में अभूतपूर्व विकास हुआ है वहीं डबल इंजन सरकार प्रदेश में भी जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए जनसेवा में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास रथ और ग्राम विकास चौपाल जैसे कार्यक्रमों के जरिए अंतिम पंक्ति के व्यक्ति का विकास सुनिश्चित किया जा रहा है वहीं वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान द्वारा आमजन की भागीदारी के साथ जल संरक्षण को जल आंदोलन का रूप दिया गया है।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 साल में किए गए ऐतिहासिक कार्यों का जन-जन तक प्रचार करना हमारा कर्तव्य है। इसी को लेकर पांच से 21 जून तक '12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के' कार्यक्रम के जरिए विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। जिनमें स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण अभियान, कार्यशालाएं, सेमीनार, मंदिरों में आरती जैसे आयोजनों के जरिए जनता को विकास कार्यों की जानकारी दी जायेगी।
विधायक दल की बैठक के बाद राज्यसभा प्रत्याशी डॉ. पूनिया और डॉ. गुर्जर ने चुनाव अधिकारी के समक्ष नामांकन पेश किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डॉ. प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल, मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, सांसद मदन राठौड़, भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार तथा भाजपा के कई विधायक मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित