मुरादाबाद, सितंबर 18 -- उत्तर रेलवे ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा के लिए मुरादाबाद मंडल अंतर्गत पूजा उत्सव विशेष गाड़ी संख्या 01703/01704 (जबलपुर-हरिद्वार-जबलपुर एक्सप्रेस) की संचालन तिथियों में परिवर्तन किया है।
रेल प्रशासन की नई अधिसूचना के अनुसार अब यह विशेष ट्रेन निर्धारित समय से कुछ दिन देरी से अपनी यात्रा शुरू करेगी और दोनों दिशाओं में कुल पांच-पांच फेरे लगाएगी।
उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने शुक्रवार को बताया कि, गाड़ी संख्या 01703 (जबलपुर-हरिद्वार स्पेशल) का संचालन पूर्व में घोषित तिथि 08 अक्टूबर से 19 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार के स्थान पर अब संशोधित शेड्यूल के तहत 22 अक्टूबर से 19 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को किया जाएगा, जिसके तहत ट्रेन कुल 5 फेरे लगाएगी।
इसी क्रम में वापसी दिशा की गाड़ी संख्या 01704 (हरिद्वार-जबलपुर स्पेशल) का संचालन पूर्व घोषित तिथि नौ अक्टूबर से 20 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार के स्थान पर अब 23 अक्टूबर से 20 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को किया जाएगा और यह गाड़ी भी कुल पांच फेरों के लिए ही संचालित होगी। रेलवे प्रशासन ने संबंधित यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले संशोधित तिथियों को ध्यान में रखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित