भोपाल , फरवरी 18 -- मध्यप्रदेश सरकार के आज विधानसभा में प्रस्तुत किए गए बजट को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पूंजीगत व्यय बढ़ाने से सर्वांगीण विकास की परिकल्पना साकार होगी।
श्री खंडेलवाल ने अपनी बजट प्रतिक्रिया में कहा कि बजट विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को साकार करने के साथ जनकल्याण को नई ऊंचाई देगा। मध्यप्रदेश का प्रस्तुत बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा बताई गई चार जातियां, गरीब, युवा, नारी और किसानों की समृद्धि का मार्ग और प्रशस्त करेगा। यह बजट मध्यप्रदेश के समग्र विकास व सुदृढ़ अर्थव्यवस्था का दृष्टिपत्र है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के साथ आत्मनिर्भर बनाने का जो लक्ष्य लेकर कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार ने पूंजीगत व्यय को बजट में बढ़ाया है, जिससे मध्यप्रदेश के सर्वांगीण विकास की परिकल्पना साकार होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार ने 4 लाख 38 हजार 317 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तुत किया है। बजट में स्वयं के व्यय से 1,17,667 करोड़ का राजस्व प्राप्त का लक्ष्य है। केंद्र सरकार से 1,12,137 करोड़ प्राप्त होंगे। राज्य के स्वयं के कर राजस्व में 10.6 प्रतिशत की वृद्धि से स्पष्ट है कि यह बजट प्रदेश के भविष्य को और सशक्त बनाने वाला है। पिछले वर्ष के अपेक्षा में पूंजीगत व्यय में 7.5 फीसदी की वृद्धि की गई है, जिससे प्रदेश का सर्वांगीण विकास और सशक्त होगा। अनुसूचित जनजाति विभाग के बजट में 25.8 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए 47,429 करोड़ का प्रावधान किया गया है, वहीं अनुसूचित जाति विभाग के बजट में भी 17 प्रतिशत की वृद्धि कर 31,192 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इन दोनों विभागों के बजट में उल्लेखनीय वृद्धि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के एकात्म मानववाद के सिद्धांत पर चलते हुए अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने के लिए भाजपा की प्रतिबद्धता को परिलक्षित करता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सकल घरेलू उत्पाद पिछले वर्ष की अपेक्षा 10.69 वृद्धि के साथ 18 लाख 48 हजार 274 करोड़ है, जो हमारी सरकार की प्रदेश के विकास की प्रतिबद्धता को दिखाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित