समस्तीपुर , जुलाई 02 -- बिहार में समस्तीपुर शहर के बारह पत्थर मोहल्ला स्थित कर्पूरी सभागार में गुरुवार से नगर निगम एवं समय इंडिया(ट्रस्ट),नई दिल्ली के सौजन्य से तीन दिवसीय बिहार पुस्तक मेला प्रारंभ हुआ।मेला के उद्वघाटन समारोह को संबोधित करते हुए लेखक एवं समय इंडिया (ट्रस्ट) ,नई दिल्ली के प्रबंध न्यासी चन्द्र भूषण ने बताया कि इस पुस्तक मेले में करीब 50 हजार से अधिक किताबें प्रदर्शित की गई है,जो समस्तीपुर समेत मिथिलांचल के लिए ज्ञान का केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विमोचन की गई जयपुर के लेखक डॉक्टर संदीप जोशी की पुस्तक "श्री दुर्गा सप्तशती" इस मेले में लेखक, कवि और साहित्यकारों का आर्कषण का केन्द्र बना हुआ है। उन्होंने बताया कि यह पुस्तक 13 किलो वजन का है, जिसमें 7 हजार 575 रंगीन चित्रों के साथ लगभग 8 सौ पन्नों का है। इसे चांदी के बॉक्स में रखा गया है।
श्री भूषण ने कहा कि पुस्तक मेला के आयोजन से नई पीढ़ी पुस्तकों से जुड़ती है और समाज में सकारात्मक सोच का विस्तार होता है।
कवि शिवेंद्र पाण्डेय ने कहा कि इस पुस्तक मेले की बहुत ही खूबियां है जो साहित्यकार रचनाकारों एवं कवियों के लिए वरदान की तरह है।
श्री पाण्डेय ने कहा कि बदलते समय में तकनीक चाहे जितनी भी आगे बढ़ जाए लेकिन पुस्तकों का कोई विकल्प नहीं हो सकता है।
इस मौके पर वरिष्ठ साहित्यकार नरेंद्र कुमार सिंह "त्यागी",प्रमुख समाजसेवी हरिहर प्रसाद, विजेंद्र कुमार गुप्ता एवं अशोक कुमार सिन्हा सहित अन्य प्रमुख लोगों ने पुस्तक मेला के महत्व पर प्रकाश डाला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित