बैतूल , जुलाई 29 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र के पुसली गांव में 20 वर्षीय युवक मोहित गलफट की संदिग्ध हत्या के मामले में पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना आठनेर में अपराध क्रमांक 189/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(3) में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। मृतक के पिता मंचित गलफट ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र मोहित 25 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
पुलिस ने बताया कि परिजनों की सूचना पर तलाश के दौरान आसपास के खेतों और कुओं की जांच की गई, जहां मृतक का जूता और मोबाइल अलग-अलग स्थानों से बरामद हुआ। इसके बाद एसडीओपी भैंसदेही भूपेंद्र सिंह मौर्य, सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि एसडीआरएफ की टीम ने कुएं से शव बरामद किया।
प्रारंभिक जांच में मृतक के गले में एल्यूमिनियम केबल कसी हुई मिली, जिससे मामला प्रथम दृष्टया हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस का अनुमान है कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को कुएं में फेंका गया।
श्री जैन ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को सभी पहलुओं की गहन जांच कर शीघ्र आरोपियों का पता लगाने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से घटना से संबंधित कोई भी जानकारी तत्काल पुलिस अथवा डायल-112 पर देने की अपील की। पुलिस ने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित