अजमेर , जून 28 -- राजस्थान में तीर्थ नगरी पुष्कर में रविवार को पुष्कर विधायक एवं जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को सुना।
कार्यक्रम का आयोजन आरटीडीसी होटल सरोवर में किया गया, जहां बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद मंत्री सुरेश रावत ने कहा कि श्री मोदी हर महीने 'मन की बात' के माध्यम से देशवासियों से संवाद करते हैं। इस कार्यक्रम में वह देश की छोटी-छोटी, लेकिन महत्वपूर्ण बातों को देश और दुनिया के सामने रखते हैं।
उन्होंने कहा कि कई बार दिखने में छोटी लगने वाली बातें समाज के लिए बड़ा संदेश बन जाती हैं। देश की कला, संस्कृति, परंपरा, सामाजिक कार्यों और आमजन की प्रेरणादायी पहल को वह विशेष मंच देते हैं। श्री रावत ने कहा कि श्री मोदी ने 'मन की बात' के जरिए देश के करोड़ों लोगों को एक संवाद सूत्र में जोड़ने का काम किया है। हर बार इस कार्यक्रम से कोई न कोई नया संदेश मिलता है और समाज को सकारात्मक दिशा मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने श्री रावत के समक्ष विभिन्न जनसमस्याएं भी रखीं। इस पर उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से बातचीत करके समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित