नयी दिल्ली , अक्टूबर 19 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर यहां स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देंगे।
गृह मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि गृह मंत्री नशे के खिलाफ जागरूकता के संदेश के साथ आयोजित देशव्यापी मोटरसाइकिल रैली को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस रैली में देशभर के राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और केंद्रीय बलों के मोटरसाइकिल सवार शामिल होंगे, जो गुजरात के एकता नगर पहुंचकर एकता परेड-2026 में भाग लेंगे।
रैली में करीब 90 मोटरसाइकिल सवार हिस्सा लेंगे। इनमें विभिन्न राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और कुछ केंद्रीय पुलिस संगठनों के सदस्य शामिल होंगे।
पुलिस स्मृति दिवस हर साल 21 अक्टूबर को मनाया जाता है। वर्ष 1959 में 21 अक्टूबर को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में सशस्त्र चीनी टुकड़ी के घात लगाकर किए गए हमले में पुलिस के 10 जवान शहीद हो गए थे। उन्हीं की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है। इस दिन देशभर में ड्यूटी के दौरान प्राण गंवाने वाले पुलिसकर्मियों को भी श्रद्धांजलि दी जाती है।
मुख्य कार्यक्रम राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर होगा, जहां केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और दिल्ली पुलिस की संयुक्त परेड आयोजित की जाएगी। गृह मंत्री कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित भी करेंगे।
शहीद पुलिसकर्मियों की स्मृति में 22 से 30 अक्टूबर तक राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें शहीदों के परिजनों को आमंत्रित करना, पुलिस बैंड का प्रदर्शन, मोटरसाइकिल रैली, शहीदों की याद में दौड़ और पुलिसकर्मियों के बलिदान, शौर्य और सेवा पर आधारित वीडियो दिखाना शामिल है। इस अवधि में देशभर के पुलिस बल भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2018 में राष्ट्रीय पुलिस स्मारक देश को समर्पित किया था। स्मारक में 30 फुट ऊंची ग्रेनाइट की केंद्रीय शिल्पकृति, शहीदों के नाम वाली 'शौर्य दीवार' और भारतीय पुलिस व्यवस्था के इतिहास को दर्शाने वाला संग्रहालय है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित