कोण्डागांव , अक्टूबर 21 -- पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव पुलिस ने बुधवार को पुलिस लाइन स्थित अमर जवान ज्योति में वीर शहीद पुलिस जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान देश और समाज की सुरक्षा के लिए कर्तव्य निर्वहन करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस जवानों के साहस, वीरता और समर्पण को याद किया गया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा, उप पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बघेल, रक्षित निरीक्षक मनीष राजपूत, रक्षित निरीक्षक मुकेश जोशी सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने अमर जवान ज्योति पर श्रद्धासुमन अर्पित कर शहीद जवानों के बलिदान को नमन किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा ने पुलिस स्मृति दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पुलिस शहीदों का बलिदान देश और समाज के प्रति कर्तव्यनिष्ठा, साहस एवं समर्पण का सर्वोच्च उदाहरण है। पुलिस स्मृति दिवस केवल शहीदों को श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर जनसेवा, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लेने का दिन भी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित