नैनीताल , अक्टूबर 21 -- कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों की स्मृति में बुधवार को 'पुलिस स्मृति दिवस' के मौके पर उत्तराखंड के नैनीताल, ऊधमसिंहनगर, अल्मोड़ा और बागेश्वर जनपदों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान शहीद स्मारकों पर पुष्प चक्र अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया गया।
बताया गया कि एक सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच देशभर में कुल 154 पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के अधिकारी/कर्मचारी ड्यूटी के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए। इनमें उत्तराखण्ड पुलिस के उपनिरीक्षक स्व. विनोद कुमार (जनपद टिहरी गढ़वाल) भी शामिल हैं, जिनके साहस और बलिदान को सभी जनपदों में याद किया गया।
रिजर्व पुलिस लाइन नैनीताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कुमाऊं परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के शहीदों को स्मरण किया गया। उपनिरीक्षक स्व. विनोद कुमार के बलिदान और साहसिक कार्य को पढ़कर सुनाया गया।
आईजी कुमाऊं, एसएसपी नैनीताल और सभी अधिकारियों-कर्मियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र व श्रद्धा सुमन अर्पित किए। सुसज्जित सलामी गार्ड ने शोक शस्त्र की कार्यवाही करते हुए शोक सलामी दी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी श्री हरबंस सिंह, एसपी संचार श्री रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल श्रीमती अंजना नेगी, सीओ रामनगर श्री रविकांत सेमवाल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री गौरव किरार, प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन श्री हरकेश सिंह सहित जनपद के सभी थाना/चौकी व शाखा प्रभारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने पुलिस लाइन रुद्रपुर स्थित शहीद स्थल पर पुष्प चक्र अर्पित कर समाज की रक्षा के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान जनपद पुलिस के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस लाइन अल्मोड़ा स्थित शहीद स्मारक पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने पुलिस बल के साथ पुष्पचक्र एवं पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। एसएसपी ने उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को पुलिस स्मृति दिवस के महत्व और ऐतिहासिक वृत्तांत से अवगत कराया तथा उपनिरीक्षक स्व. विनोद कुमार की कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा के प्रति समर्पण को नमन किया।
कार्यक्रम में सीओ अल्मोड़ा श्री बलवन्त सिंह रावत, सीएफओ श्री नरेन्द्र सिंह कुंवर, सीओ संचार श्री राजीव कुमार टम्टा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जनपद के सभी थानों, चौकियों और फायर स्टेशनों में भी शहीद पुलिसकर्मियों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस लाइन बागेश्वर स्थित शहीद स्मारक पर पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र मेहरा (आईपीएस) ने वीरगति को प्राप्त जवानों को पुष्प चक्र अर्पित कर नमन किया। पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर श्री अजय साह, पुलिस उपाधीक्षक कपकोट श्री राजेश साह, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन श्री नरेन्द्र कुमार सहित जिले के सभी कोतवाली/थाना/शाखा प्रभारी तथा अधिकारी-कर्मचारियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद शहीदों को सलामी देकर दो मिनट का मौन धारण किया गया।
इसी प्रकार पिथौरागढ़ और चंपावत में भी शहीद स्मृति दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए और शहीदों को याद करने के साथ ही नमन किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित