भीलवाड़ा , मई 29 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस से मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश गड्ढे में गिरकर घायल हो गया।
पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने शुक्रवार को बताया कि देर रात करीब एक बजे पुलिस को मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली कि बिलिया कलां निवासी कम्मू उर्फ कमलेश गुर्जर (29) किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए अवैध रिवाल्वर लेकर रीको औद्योगिक क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुनील बेड़ा मय जाप्ते के तुरंत मौके के लिए रवाना हुए। पुलिस दल ने रीको क्षेत्र में स्थित बनास नदी की छोटी पुलिया के पास एक संदिग्ध युवक को मोटर साइकिल पर आता देखा जो पुलिस की गाड़ी को देखकर मोटर साइकिल मोड़कर भागने लगा। जब उसे भागने का रास्ता नहीं तो उसने पुलिस दल पर गोली चला दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई से बचने के लिये बदमाश कमलेश पुलिया से नीचे नदी के पथरीले क्षेत्र में कूद गया इससे उसके पैरों और शरीर में गंभीर चोटें आयीं और वह वहीं ढेर हो गया। पुलिस ने लहूलुहान हालत में आरोपी को धर दबोचा। शुक्रवार को सुबह जांच दल को मौके से एक जिंदा कारतूस और एक चला हुआ कारतूस का खोल बरामद हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित