भरतपुर , जून 11 -- राजस्थान में धौलपुर जिले के बसेड़ी थाना क्षेत्र में पार्वती नदी के बीहड़ों में अवैध लाल बजरी खनन के खिलाफ गुरुवार को पुलिस कार्रवाई के दौरान अपने वाहनों के साथ मौके से भागते समय एक खनन माफिया युवक की मौके पर ही मौत हो जाने से क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रतनपुर के जंगल में ट्रैक्टर के नीचे दबने से खनन माफिया युवक दीपक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने बसेड़ी-सैंपऊ मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन करते हुए पुलिस के वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।

तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि रतनपुर गांव के पास जाम से यातायात बाधित हो गया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस वाहन पर पथराव करके उसके शीशे क्षतिग्रस्त कर दिये गये। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आसपास के थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया है।

धौलपुर मुख्यालय से वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना होकर स्थिति पर नजर बनाए बनाये हुए है। प्रशासन और पुलिस अधिकारी ग्रामीणों से लगातार बातचीत कर जाम खुलवाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित