औरंगाबाद , जून 19 -- िहार पुलिस के नवनियुक्त सिपाहियों का कठिन एवं गौरवशाली प्रशिक्षण सत्र 2025-26 सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपलक्ष्य मेंशुक्रवार को औरंगाबाद पुलिस केंद्र में भव्य दीक्षांत परेड (पासिंग आउट परेड) का आयोजन किया गया।
समारोह में प्रशिक्षु सिपाहियों ने आकर्षक मार्चपास्ट एवं विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का प्रदर्शन कर अपने अनुशासन, दक्षता और आत्मविश्वास का परिचय दिया।
इस ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण अवसर पर मगध प्रक्षेत्र, गया के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विकास वैभव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने परेड की सलामी ली तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु सिपाहियों को सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। उन्होंने नव नियुक्त जवानों से ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक सह प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य अम्बरीष राहुल ने कहा कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान नव नियुक्त सिपाहियों को शारीरिक दक्षता, अनुशासन, कानून-व्यवस्था, आधुनिक पुलिसिंग, अपराध अनुसंधान, मानवाधिकार एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का व्यापक प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षु सिपाही अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करेंगे।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों तथा प्रशिक्षु सिपाहियों के परिजनों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। परेड के दौरान उपस्थित लोगों ने जवानों के अनुशासित प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेवा, सुरक्षा और समर्पण के मूल मंत्र के साथ प्रशिक्षित ये जवान अब बिहार पुलिस बल का हिस्सा बनकर राज्य की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित