श्रीगंगानगर , अक्टूबर 21 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर में पुलिस शहीद दिवस पर बुधवार को स्थानीय रिजर्व पुलिस लाइनमें कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों की याद में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने शहीद पुलिसकर्मियों के नामों का पाठ किया। इसके पश्चात शहीदों को सलामी दी गई और पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर जिला पुलिस के समस्त सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारीगणों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था, जो बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और अपने शहीद साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहीदों की स्मृति में पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। साथ ही, शहीदों की याद में राजकीय जिला चिकित्सालय द्वारा पुलिस लाइन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में जिला पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। इस अवसर पर जिला पुलिस के तमाम अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे तथा शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित