यमुनानगर , अक्टूबर 21 -- पुलिस शहीदी स्मृति दिवस के अवसर पर मंगलवार को हरियाणा में यमुनानगर जिला पुलिस लाइन जगाधरी में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 80 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में स्माइल फाउंडेशन और स्वामी विवेकानंद ब्लड सेंटर ने सहयोग किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

शिविर में पुलिस कर्मचारियों और आम रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। दुर्घटना, गंभीर बीमारी और ऑपरेशन जैसी आपात स्थितियों में रक्तदान जरूरतमंदों को जीवनदान देता है। पुलिस विभाग कानून-व्यवस्था के साथ सामाजिक कार्यों में भी अपनी भूमिका निभाता है और शहीदी दिवस पर रक्तदान शिविर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि है।

शिविर में स्माइल फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. संजीव मेहता, अजय पोसवाल तथा ब्लड सेंटर से कमल पंघाल, यशविंदर कंबोज, हिमांशी, गौरव, नसीम,अभिषेक और सौरभ कश्यप ने सहयोग दिया।

इस दौरान दात्री फाउंडेशन की ओर से योगेश मल्होत्रा और प्रदीप कुमार ने स्टेम सेल दान को लेकर लोगों को जागरूक भी किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित