श्रीगंगानगर , सितम्बर 03 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के जवाहरनगर थाना क्षेत्र में पुलिस और विद्युत निगम ने गुरुवार को छजगिरिया मोहल्ले में संयुक्त कार्रवाई करके करीब 100 घरों में लगे अवैध बिजली कनेक्शन काट दिये।

यह मोहल्ला मीरा चौक पुलिस चौकी से कुछ ही कदमों की दूरी पर मौसम विभाग रोड पर स्थित है और लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और अन्य आपराधिक घटनाओं के लिए कुख्यात रहा है।

पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने बताया कि थानाधिकारी दिनेश सारण के नेतृत्व में पुलिस और विद्युत निगम के संयुक्त दल ने छजगरिया मोहल्ले में छापेमारी की। जांच और निरीक्षण के दौरान कई घरों में खुलेआम बिजली चोरी करते हुए पाया गया। विद्युत निगम के कर्मचारियों ने पुलिस की मौजूदगी में अवैध कनेक्शनों को काट दिया।

अब निगम द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जा रही है। छजगिरिया मोहल्ले के कई निवासी आपराधिक रिकॉर्ड वाले हैं। इस मोहल्ले की महिलाएं भी नशीले पदार्थों की बिक्री तथा तस्करी करते हुए कई बार पकड़ी जा चुकी हैं। यहां न केवल नशा तस्करी और बिक्री होती रही है बल्कि बिजली की चोरी भी खुलेआम की जाती रही है। विद्युत निगम पहले भी कनेक्शन काटने की कोशिश कर चुका है, लेकिन मोहल्ले के लोगों द्वारा विरोध और मारपीट तक की घटनाएं हो चुकी हैं। इसी वजह से इस बार निगम ने पुलिस बल के साथ संयुक्त कार्रवाई की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित