चमोली , अगस्त 23 -- उत्तराखंड के चमोली जिले में रिजर्व पुलिस लाइन गोपेश्वर स्थित मंदिर में रविवार को श्री राधा-कृष्ण की नवीन मूर्तियों की स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई। धार्मिक अनुष्ठान में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार सहित पुलिस परिवार के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।

मंदिर के पुजारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना, हवन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। हवन में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रद्धापूर्वक आहुति देकर जनपदवासियों तथा पुलिस परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मंगल की कामना की। इसके बाद श्री राधा-कृष्ण की नवीन मूर्तियों को मंदिर में विधिवत स्थापित कर प्राण प्रतिष्ठा कराई गई।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने श्री राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों एवं समस्त पुलिस परिवार के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन आपसी सौहार्द, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक भावना को मजबूत करते हैं।

रिजर्व पुलिस लाइन स्थित यह मंदिर लंबे समय से पुलिस परिवार और गोपेश्वरवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। नवीन मूर्तियों की स्थापना के साथ मंदिर की धार्मिक एवं आध्यात्मिक गरिमा और बढ़ गई।

कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा, प्रतिसार निरीक्षक जितेंद्र जोशी, यातायात निरीक्षक दिगंबर उनियाल, प्रभारी निरीक्षक गोपेश्वर अनुरोध व्यास सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित