यमुनानगर , अक्टूबर 21 -- हरियाणा के यमुनानगर में जिला पुलिस लाइन, जगाधरी स्थित शहीद स्मारक पर बुधवार को पुलिस शहीदी स्मृति दिवस मनाया गया।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया। इस अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित किया गया और पौधारोपण किया गया।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने कहा कि शहीदों की चिताओं पर हर वर्ष मेले लगेंगे, वतन पर मरने वालों का यही निशां होगा। उन्होंने कहा कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में 10 पुलिसकर्मियों ने देश की सीमा की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनकी याद में ही हर वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।
उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष में देशभर में 154 पुलिसकर्मी शहीद हुए हैं, जिनके नाम पढ़कर श्रद्धांजलि दी गई।
पुलिस अधीक्षक ने यमुनानगर के सात शहीदों की गौरवगाथा भी साझा की। इनमें मुख्य सिपाही राजवीर सिंह (1992 में शहजादपुर में आतंकवादी हमले में शहीद), उप निरीक्षक सुरेश कुमार (2019 में नारायणगढ़ में चेकिंग के दौरान शहीद), मुख्य सिपाही अजैब सिंह (1995 में चंडीगढ़ सचिवालय बम विस्फोट में शहीद), सिपाही सुरेश कुमार (2010 में पंचकूला में बदमाश के हमले में शहीद), सिपाही रघुवीर सिंह (1992 में बराड़ा में मुठभेड़ में शहीद), मुख्य सिपाही करण सिंह (1990 में बिलासपुर में मुठभेड़ में शहीद) और निरीक्षक बलजीत सिंह (1992 में करनाल में मुठभेड़ में शहीद) शामिल हैं।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी, डीएसपी कवलजीत सिंह, सुनील कुमार, रजत गुलिया, रमेश कुमार, पूजा सहित सभी थाना-चौकी प्रभारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित