ग्रेटर नोएडा , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा ईकोटेक प्रथम थाना पुलिस ने बुधवार देर रात को जांच के दौरान हुई मुठभेड़ में हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध शस्त्र और एक कार बरामद की गई है।
पुलिस द्वारा गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया गया कि, गत बुधवार मध्य रात ईकोटेक प्रथम थाना की टीम इमलिया कट पर बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार बदमाशों ने वाहन रोकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर घेराबंदी की और जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में कार सवार दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घायल अभियुक्तों की पहचान सचिन पुत्र शीशपाल निवासी ग्राम हसनपुर, थाना जहांगीरपुर, जिला बुलंदशहर तथा विपिन उर्फ कल्ला पुत्र सुरेश उर्फ बुग्गा निवासी लुक्सर, थाना ईकोटेक प्रथम, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 23 वर्ष बताई गई है।
दोनों आरोपी थाना ईकोटेक प्रथम में पंजीकृत हत्या के मामले के तहत वांछित चल रहे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित