जालंधर , जून 23 -- पंजाब में जालंधर कमिश्नरेट पुलिस की सीआईए स्टाफ टीम ने संगठित अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस मुठभेड़ के दौरान फायरिंग की दो घटनाओं में मुख्य शूटर बताये जा रहे आरोपी नवल भारद्वाज उर्फ बिल्ला को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गयी मोटरसाइकिल भी बरामद की गयी है।
पुलिस आयुक्त सतिंदर सिंह ने मंगलवार को बताया कि थाना भार्गो कैंप में दर्ज एक मामले में आरोपी नवल भारद्वाज उर्फ बिल्ला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नवल भारद्वाज 12 जून 2026 को जालंधर के बीएमएस कृष्णापुरा चौक में हुई फायरिंग का मुख्य शूटर था। इसके अलावा वह 29 मई 2026 को शहीद भगत सिंह नगर जिले के गांव हीओं में हुई फायरिंग की घटना में भी मुख्य आरोपी था।
जांच के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि कृष्णापुरा चौक फायरिंग में इस्तेमाल की गयी मोटरसाइकिल उसने जामशेर क्षेत्र में छिपा रखी है। पुलिस टीम आरोपी को साथ लेकर बरामदगी के लिए मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिल की पहचान करवाते समय आरोपी ने अचानक एक पुलिसकर्मी को धक्का देकर झाड़ियों में छिपायी गयी पिस्तौल उठा ली और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने दोबारा गोली चलाते हुए मौके से भागने की कोशिश की। आत्मरक्षा और आरोपी को काबू करने के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी के बाएं पैर के निचले हिस्से में लगी। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना के तुरंत बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गयी, जिसके बाद फोरेंसिक टीम, क्राइम सीन टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल आरोपी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल जालंधर में भर्ती कराया गया, जहां वह पुलिस निगरानी में उपचाराधीन है।
घटना के संबंध में थाना सदर जालंधर में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत एक अलग मामला दर्ज किया गया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत एकत्र कर वैज्ञानिक जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। गैंग से जुड़े अन्य व्यक्तियों और विदेश में बैठे कथित हैंडलरों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
सतिंदर सिंह ने इस सफल अभियान के लिए सीआईए स्टाफ की टीम की सराहना करते हुए कहा कि गैंगस्टरों, संगठित अपराधियों और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित