सहारनपुर , मई 10 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के चिलकाना क्षेत्र में ग्राम पटनी पिलखनी रोड पर पुलिस जांच के दौरान हुई मुठभेड़ में लूट के मुकदमें में वांछित दो शातिर अभियुक्तों को घायलवस्था में गिरफ्तार किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने बताया कि पुलिस द्वारा सघन जांच के दौरान कल मुखबिर से मिली सूचना मिली कि थाना चिलकाना क्षेत्र में हुई लूट के वांछित दो अभियुक्तगण पटनी-पिलखनी रोड से सीकरी जाने वाले कच्चे रास्ते पर खड़े है और पुन: किसी घटना को कारित करने की फिराक में हैं।
प्राप्त सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंची तो पुलिस टीम को देखकर दोनों संदिग्ध मोटरसाइकिल से भागने लगे। पीछा करने पर अभियुक्तों ने अपनी मोटरसाइकिल गिराकर आम के बाग में पेड़ों की आड़ लेकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम द्वारा कि गई आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों अमन एवं कार्तिक के पैर में गोली लगने के बाद उन्हें घायलावस्था में गिरफ्तार किया गया। ये दोनो बदमाश थाना नकुड सहारनपुर निवासी है। दोनों अभियुक्तो को घायलावस्था मे जिला अस्पताल भेजा गया है।
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, पांच जिंदा/ चार खोखा कारतूस .315 बोर, लूट के 2060/- रुपये, एक मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित