फिरोजाबाद , अगस्त 22 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना नारखी और मक्खनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार रात मुठभेड़ के बाद चोरी की वारदातों में वांछित तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

क्षेत्राधिकारी टूंडला अरुण कुमार चौरसिया ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार रात थाना टूंडला और मक्खनपुर पुलिस ने एसओजी टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर वांछित बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी की। पुलिस टीम ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई।

घायल बदमाशों की पहचान अनुज उर्फ अनूप और मिथुन के रूप में हुई है, जबकि तीसरे आरोपी अंशु को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। तीनों थाना किरावली क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। घायल बदमाशों को उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पुलिस को नारखी और मक्खनपुर थाना क्षेत्रों में हाल में हुई चोरी की वारदातों के सिलसिले में इन बदमाशों की तलाश थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अनुज के खिलाफ विभिन्न थानों में 37, मिथुन के खिलाफ नौ और अंशु के खिलाफ छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से चोरी के आभूषण, कुछ नकदी, दो अवैध तमंचे, खोखे और जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस आरोपियों से उनके गिरोह और अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। उपचार के बाद तीनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित