शाहजहांपुर , अक्टूबर 22 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना निगोही क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस मुठभेड़ में ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी का एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दूसरे साथी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली भी बरामद कर ली है।

क्षेत्राधिकारी सदर (सीओ) शुभम वर्मा ने गुरुवार को बताया कि थाना निगोही पुलिस धुल्लिया चेकपोस्ट पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो व्यक्ति चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर बीसलपुर मार्ग से पीलीभीत की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर कच्चे रास्ते से जंगल की ओर भागने लगे।

उन्होंने बताया कि पीछा करने पर एक आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में बिंदु (30) निवासी भड़ारी, थाना बीसलपुर, पीलीभीत के दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं, दूसरे आरोपी रोहित सरोज (28) निवासी काच्छा सुकुलपुर, थाना जेठवारा, प्रतापगढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निगोही ले जाया गया, जहां से उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

वर्मा ने आरोपियों से की गई पूछताछ कर बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली दो अक्टूबर की रात निगोही क्षेत्र के गुरगांव स्थित एक इंटरलॉकिंग प्लांट से चोरी की गई थी। इस संबंध में निगोही थाने में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित