श्रीनगर , मई 26 -- जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने मंगलवार को एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करके आगामी ईद-उल-अजहा और श्री अमरनाथ यात्रा-2026 की तैयारियों का जायजा लिया गया और अधिकारियों को पूरी घाटी में मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और जनता की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस बैठक में जम्मू-कश्मीर पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, सीमा सुरक्षा बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, सशस्त्र सीमा बल, यातायात पुलिस, रेलवे और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। कश्मीर में बुधवार को ईद-उल-अजहा का त्योहार मनाया जाएगा, जबकि इस वर्ष की अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त को समाप्त होगी।

ईद के शांतिपूर्ण आयोजन के महत्व पर जोर देते हुए पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों को पूरी घाटी की मस्जिदों और प्रमुख प्रार्थना स्थलों पर भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा उपायों को मजबूत करने, आम लोगों की आवाजाही को सुरक्षित बनाने और अत्यधिक भीड़ को रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों पर जवानों को तैनात करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने क्षेत्रीय अधिकारियों को निगरानी बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में औचक निरीक्षण करने और त्योहार के दौरान किसी भी संभावित सुरक्षा चिंता से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए गश्त तेज करने के निर्देश दिए।

एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बैठक के दौरान शामिल अधिकारियों ने प्रस्तावित सुरक्षा एवं साजो-सामान की व्यवस्था और अमरनाथ यात्रा के सुचारू संचालन के लिए की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और अन्य सुरक्षा बलों के अधिकारियों ने भी अपने आकलन साझा किए और सभी संबंधित एजेंसियों के बीच निर्बाध समन्वय और तालमेल की आवश्यकता पर बल दिया। इसके अलावा, अधिकारियों ने घाटी में आने वाली केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की कंपनियों के लिए की गई प्रशासनिक और साजो-सामान की व्यवस्था के बारे में भी अवगत कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित