इटावा , अगस्त 21 -- उत्तर प्रदेश के इटावा में पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए दौड़ लगा रहे युवक की शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर चिकित्सकों ने हृदयाघात की आशंका जताई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के यशोदानगर निवासी आकाश (25) शुक्रवार सुबह महात्मा ज्योतिबा फुले स्पोर्ट्स स्टेडियम में साथियों के साथ पुलिस भर्ती की शारीरिक परीक्षा की तैयारी के लिए दौड़ लगा रहा था। इसी दौरान उसके सीने में अचानक तेज दर्द हुआ और वह दौड़ छोड़कर मैदान में बैठ गया। साथियों ने उसे तत्काल संभाला और स्टेडियम में मौजूद चिकित्सक तथा अन्य लोगों ने सीपीआर देकर उसकी हालत सुधारने का प्रयास किया। इसके बाद उसे कार से डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजन को उसकी मौत पर विश्वास नहीं हुआ और वे उसे उपचार की उम्मीद में सैफई स्थित मेडिकल यूनिवर्सिटी ले गए, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

स्टेडियम के खेल विभाग के लिपिक नरेश पाल सिंह ने बताया कि घटना के बाद आकाश को मैदान के एक हिस्से में लाया गया, जहां चिकित्सक ने सीपीआर देकर उसे बचाने का प्रयास किया। बाद में उसे अस्पताल भेजा गया। डॉ. भीमराव राजकीय संयुक्त चिकित्सालय की इमरजेंसी में तैनात डॉ. श्याम मोहन ने प्रारंभिक तौर पर हृदयाघात से मौत की आशंका जताई है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

आकाश पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था और शारीरिक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए नियमित रूप से दौड़ और व्यायाम करता था। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और शव अपने साथ ले गए। घटना के बाद स्टेडियम में उसके साथ अभ्यास कर रहे अन्य युवक भी स्तब्ध हैं। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित