ग्रेटर नोएडा , मई 06 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला स्थित ग्रेटर नोएडा सूरजपुर थाना क्षेत्र में हत्या के एक सनसनीखेज मामले में वांछित आरोपी और पुलिस के बीच बुधवार तड़के मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी मंगेश उर्फ टिल्लू घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में तलाश अभियान चला रही है।

पुलिस ने आज यह जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार देर रात साकीपुर गांव में घर के सामने नाली के कचरे को जलाने को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद के चलते मंगेश उर्फ टिल्लू (31) ने साजन (25) की हत्या कर दी। घटना के बाद मृतक के परिजनों की तहरीर पर थाना सूरजपुर में हत्या का मामला दर्ज किया गया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गईं।

पुलिस टीम मोजरबीयर गोल चक्कर के पास जांच कर रही थी, तभी एक संदिग्ध आई-20 कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही कार सवार आरोपी वाहन मोड़कर रेलवे लाइन के किनारे कच्चे रास्ते से जंगल की ओर भागने लगे।

पुलिस ने पीछा किया तो खुद को घिरता देख बदमाशों ने कार से उतरकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें मंगेश उर्फ टिल्लू घायल हो गया।

घायल आरोपी के कब्जे से पुलिस ने: एक अवैध पिस्टल दो कारतूस, दो खोखा कारतूस एक आई ट्वेंटी कार बरामद की है।

घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं फरार साथी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस मामले में सूरजपुर थाना पर भारतीय न्याय संहित के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित