सहारनपुर , जून 29 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में श्रावण कांवड़ यात्रा की तैयारियों के तहत आज यहां पुलिस लाइन में अपर पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा एएस गणेश ने सहारनपुर रेंज के तीनों जनपदों मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने सहारनपुर रेंज द्वारा कांवड़ यात्रा को लेकर तैयार की गई कार्ययोजना की जानकारी ली और बाद में डीआईजी अभिषेक सिंह और तीनों जनपदों के वरिष्ठ अधीक्षकों के साथ कांवड़ यात्रा का स्थलीय निरीक्षण किया।
एडीजे एएस गणेश ने बताया कि उन्होंने यातायात प्रबंधन, रूट डायवर्जन, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा प्रबंध, ड्रोन एवं सीसीटीवी के जरिए सतत निगरानी, सोशल मीडिया की मानिटिरिंग, आपदा एवं आपातकालीन व्यवस्थाएं, विभागीय समन्वय, अंतर जनपदीय और अंतरराज्यीय समन्वय को ओर अधिक मजबूत बनाए जाने के निर्देश दिए।
मार्ग निरीक्षण के दौरान तीनों जनपदों के कांवड़ यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थलों, प्रमुख चौराहों, कांवड़ शिविरों, विश्राम स्थलों, बेरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कवरेज, पार्किंग स्थलों, आपातकालीन निकासी मार्ग, एंबूलेंस संचालन और पुलिस बल की प्रस्तावित तैनाती की विस्तृत अवलोकन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित