चित्तौड़गढ़ , जून 02 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के साडास थाना क्षेत्र में एक बदमाश को पकडकर थाने ला रही पुलिस पर आरोपी के परिजनों एवं अन्य ने हमला करके आरोपी को छुड़ा लिया।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गये।
क्षेत्र के ग्राम रुपपुरा का माल निवासी आदतन अपराधी राजूलाल जाट के विरुद्ध स्थायी वारंट होने पर पुलिसकर्मी प्रदीप पालीवाल और रामलाल ने उसे पकड़ लिया और मोटरसाइकिल पर बिठाकर दोनों उसे थाने ला रहे थे कि रास्ते में आरोपी के परिवार की महिलाओं सहित 10 से अधिक लोगों ने उन्हें घेरकर लाठियों से हमला कर दिया। इससे दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गये। इसके बाद हमलावर आरोपी को छुडा कर ले गये।
वृत्ताधिकारी शिवप्रकाश टेलर ने बताया कि दोनों सिपाहियों की शिकायत पर पर तीन महिलाओं सहित कुल आठ लोगों के विरुद्ध राजकार्य में बाधा और मारपीट का मामला दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित