फिरोजाबाद , सितंबर 14 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में एक गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ने के बाद प्रसव और उपचार के दौरान उसकी तथा नवजात शिशु की मौत हो गयी। परिजनों ने चोरी के मामले में दबिश देने पहुंची पुलिस पर महिला से अभद्रता और मारपीट करने तथा पेट में लात मारने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
पुलिस के अनुसार, शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर लभहुआ गांव में रविवार रात पुलिस एक चोरी के मामले में गौरव कुमार के घर दबिश देने पहुंची थी। परिजनों का आरोप है कि दरोगा धर्मपाल और अन्य पुलिसकर्मी गौरव कुमार को पूछताछ के लिए अपने साथ ले जा रहे थे। इसी दौरान उसकी गर्भवती पत्नी अंजलि देवी ने विरोध किया तो पुलिसकर्मियों ने उसके साथ अभद्रता और मारपीट की।
परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान अंजलि के पेट में चोट लगी, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गयी और रक्तस्राव शुरू हो गया। परिजन उसे शिकोहाबाद के अस्पताल ले गए, जहां सोमवार सुबह उसने एक बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद भी उसकी हालत लगातार बिगड़ती रही। इसके बाद परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नवजात की भी मौत हो गयी।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए। परिजनों के अनुसार, पुलिस ने गौरव कुमार और उसके साथ पकड़े गए एक अन्य व्यक्ति को बाद में छोड़ दिया। मृतका के पति गौरव कुमार ने पुलिस पर गांव की पुरानी रंजिश के चलते उसे चोरी के मामले में फंसाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि घर से चोरी का कोई सामान भी बरामद नहीं हुआ। उसने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उसकी पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, जिससे उसकी हालत बिगड़ी और बाद में पत्नी तथा बच्चे की मौत हो गयी। उसने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनुज चौधरी ने बताया कि चोरी के मामले में पुलिस ने गांव से दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। महिला के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित