हरदा , सितंबर 06 -- मध्यप्रदेश के हरदा जिले में हंडिया थाना पुलिस ने 8.93 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 88 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ड्रग्स, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित कुल एक लाख 38 हजार रुपये का माल जब्त किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार शनिवार को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध एमडी ड्रग्स लेकर ग्राम भैरोपुर से अबगांवकलां की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम विक्रम पिता मोजीराम जाट (34) निवासी ग्राम अतरसमा, थाना सिविल लाइन बताया।

पुलिस के अनुसार विधिवत तलाशी लेने पर आरोपी की पेंट की जेब से पारदर्शी पन्नी में रखी 8.93 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत 88 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा परिवहन में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये तथा ओप्पो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये है, भी जब्त किया गया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध हंडिया थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से वारंट जारी होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित