बालोद , मई 27 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस ने रायपुर-जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर जांच के दौरान एक संदिग्ध कार से 65 लाख रुपए से अधिक नकदी बरामद की है।

पुलिस से बुधवार को प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम कार केशकाल से बालोद की ओर आ रही थी। पुलिस ने ग्राम मरकाटोला के पास वाहन की जांच की, जहां कार में रखे दो अलग-अलग थैलों से 500-500 रुपए की नई करेंसी मिली। रकम की मात्रा अधिक होने पर पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।

बताया जा रहा है कि कार में मौजूद युवक बालोद शहर का व्यापारी अमित जैन है। वह केशकाल से नगदी लेकर बालोद लौट रहा था। पुरुर थाना प्रभारी जोगेंद्र साहू ने बताया कि जांच के दौरान वाहन से करीब 65 लाख रुपए नगद बरामद किये गये हैं। नोटों की गिनती में करीब तीन घंटे का समय लगा।

पुलिस के अनुसार संदिग्ध युवक अब तक रकम से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया है। इसके चलते पूरी राशि को जब्त कर लिया गया है। मामले की सूचना उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और आयकर विभाग को भी दी गई है।

फिलहाल पुलिस द्वारा जब्त रकम को आगे की जांच के लिए आयकर विभाग को सौंपने की तैयारी की जा रही है। वहीं यह पता लगाने की कोशिश जारी है कि इतनी बड़ी नकदी कहां से लाई जा रही थी और इसका उपयोग किस उद्देश्य के लिए होना था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित