रायबरेली , मई 10 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली के सलोन थाना क्षेत्र में मोबाइल छीनने के मामले में पुलिस ने वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार गत तीन मई को सलोन क्षेत्र के धूसपुर मोड़ के पास मोबाइल पर बात कर रही एक महिला का मोबाइल बाइक सवार दो युवक छीनकर फरार हो गए थे। पीड़िता की तहरीर पर सलोन थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।

इसी क्रम में आज संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कलुआ चौराहे के पास से कृष्णलाल सरोज पुत्र शिवमूरत सरोज निवासी देवी का पुरवा मजरे मुस्तफाबाद थाना उदयपुर जिला प्रतापगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि इसी मामले में गत पांच मई को एक अन्य आरोपी अविनाश उर्फ अनीश सरोज निवासी देवी का पुरवा मजरे मुस्तफाबाद थाना उदयपुर जिला प्रतापगढ़ को छीने गए मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित