चंडीगढ़ , अप्रैल 25 -- पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास की ओर मार्च करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई नेताओं को हिरासत में ले लिया।

तेज गर्मी के बावजूद सैकड़ों महिलाएं, पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा के नेतृत्व में, मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच कर रही थीं। प्रदर्शनकारियों ने आप से 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम,'जिसमें संसद और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान है, का विरोध करने पर जवाब मांगा।

चंडीगढ़ पुलिस ने मार्च को रोकते हुए कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लिया, जिनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर, भाजपा महिला मोर्चा पंजाब की अध्यक्ष जय इंदर कौर, मोहितर कौर जोश और मोना जैसवाल (दोनों प्रदेश उपाध्यक्ष), तथा मीनू सेठी, वंदना सांगवान, रेनू थप्पर और एकता नागपाल शामिल हैं।

प्रदर्शन के दौरान 'नारी शक्ति जिंदाबाद' के नारे लगाये गये और महिलाओं ने समान अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया।

सभा को संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा हमेशा महिला सशक्तिकरण के पक्ष में रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और आप महिला आरक्षण के मुद्दे पर एक साथ खड़ी नजर आ रही हैं, जो राजनीतिक अवसरवाद को दर्शाता है।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष जय इंदर कौर ने महिला आरक्षण विधेयक को रोकने को लोकतंत्र के लिए "काला दिन" बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आप ने महिलाओं को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया है और उन्हें उचित प्रतिनिधित्व देने में विफल रही हैं।

परनीत कौर ने कहा कि विपक्ष को महिलाओं के हित में काम करना चाहिए और सभी दलों से व्यक्तिगत हितोंसे ऊपर उठकर देश की आधी आबादी के सशक्तिकरण के लिए प्रयास करने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित