पुणे , जून 13 -- महाराष्ट्र के मावल तालुका के शिरगांव-परंदवाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध देसी शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ एक बड़ा अभियान शुरू किया है।
गोपनीय सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी की और अवैध शराब बनाने वाली कई इकाइयों का पता लगाया। कार्रवाई के दौरान नौ आरोपियों के खिलाफ आठ मामले दर्ज किये गये और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस ने लगभग 10.56 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब और उससे संबंधित सामग्री को नष्ट कर दिया। जब्त और नष्ट किये गये स्टॉक में 30,000 लीटर से अधिक अवैध देसी शराब और उसके निर्माण में उपयोग किये जाने वाले उपकरण शामिल थे। जेसीबी मशीन की मदद से अवैध शराब बनाने के ठिकानों को भी ध्वस्त कर दिया गया।
शिरगांव-परंदवाड़ी थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विशाल पाटिल ने कहा कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आगे चेतावनी दी कि आदतन अपराधियों के खिलाफ सख्त निवारक कदम उठाये जायेंगे। इसमें भगोड़ा की कार्रवाई और अन्य कानूनी कार्रवाई शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित