देहरादून , अप्रैल 05 -- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में प्रातः काल भ्रमण करने वाले बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों साथ-साथ कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस इन दिनों लगातार जांच अभियान चला रही है।

जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने आमजन की सुरक्षा हेतु सभी अधीनस्थों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार सघन जांच अभियन चलाए जाने हेतु निर्देशित किया गया है।

निर्देशों के अनुपालन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा रात एवं दिन में लगातार सघन जांच एवं सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्धों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को प्रातःकाल से सभी थाना क्षेत्रों में स्थित सार्वजनिक स्थानों व पार्कों के पास गौरा पुलिस टीम तथा यातायात पुलिस की टीम द्वारा जांच अभियान चलाया गया।

इस दौरान प्रातः काल भ्रमण तथा अपने काम पर जाने वाले व्यक्तियों से पुलिस टीमों ने बातचीत करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि पुलिस सदैव उनकी सुरक्षा एवं सहायता के लिये उपलब्ध है।

इस दौरान अनावश्यक एवं संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों से आवश्यक पूछताछ की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित