मोहाली , अगस्त 05 -- पंजाब सरकार की "युद्ध नशों विरुद्ध" मुहिम के तहत एस.ए.एस. नगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना बलौंगी क्षेत्र के में कुख्यात नशा तस्कर अनिल उर्फ मुन्ना चौहान के अवैध मकान को तोड़ दिया। यह कार्रवाई ग्राम पंचायत बड़माजरा और सिविल प्रशासन के सहयोग से की गई है।

पुलिस के अनुसार बड़माजरा स्थित शिव कॉलोनी निवासी अनिल उर्फ मुन्ना चौहान ने पंचायती शामलात भूमि पर अवैध कब्जा कर नशे के कारोबार से अर्जित धन से मकान बनाया था। इस भवन का इस्तेमाल कथित तौर पर नशे के कारोबार के अड्डे के रूप में किया जा रहा था। आरोपी के खिलाफ थाना बलौंगी में 10 जुलाई 2026 को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में चल रहे नशा विरोधी अभियान के तहत जिले में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। दिसंबर 2025 से अब तक थाना बलौंगी पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 70 मामले दर्ज कर 103 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही नशा पीड़ितों को उपचार के लिए ओओएटी सेंटरों में भर्ती कराने हेतु जागरूकता अभियान भी चलाए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित