पौड़ी , मई, 12 -- उत्तराखंड में पौड़ी पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को एक किलो 52 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देश पर जिले भर में नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कोटद्वार पुलिस, एएनटीएफ एवं सीआईयू की संयुक्त टीम द्वारा थाना क्षेत्र में जांच अभियान चलाया जा रहा था।
जांच के दौरान मालन नदी पुल के पास संदिग्ध रूप से घूम रहे दो व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी में आरोपियों के कब्जे से कुल एक किलो 52 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी शहनवाज उर्फ शानू निवासी कोटद्वार के पास से 876 ग्राम और मोहम्मद फईम निवासी नजीबाबाद, उत्तर प्रदेश के पास से 176 ग्राम चरस बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से चरस की तस्करी कर रहे थे। दोनों स्वयं भी नशे के आदी हैं और फल व मछली बेचने का कार्य करते हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी इस चरस को बेचने के लिए ले जा रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित