नयी दिल्ली , जून 12 -- दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो अंतर-राज्यीय अवैध हथियार आपूर्ति गिरोहों का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय इन गिरोहों के छह मुख्य सदस्यों को कथित रूप से हथियारों की अवैध खरीद और आपूर्ति करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
स्पेशल सेल के इस अभियान के दौरान कुल 26 अवैध सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल और आठ कारतूस बरामद किये गये। इसके साथ पुलिस ने छह मोबाइल फोन, सिम कार्ड और हथियारों के परिवहन के लिये उपयोग किये जाने वाले तीन वाहन भी जब्त किये।
पुलिस उपायुक्त (स्पेशल सेल-उत्तरी रेंज) नर्रा चैतन्य ने बताया कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल दिल्ली और एनसीआर में सक्रिय हथियार गिरोहों खत्म करने के लिये लगातार काम कर रही थी। उन्होंने कहा कि कई महीनों की निरंतर निगरानी और खुफिया जानकारी जुटाने से पुलिस को इन आपराधिक तंत्रों को तोड़ने में मदद मिली। ये गिरोह मध्य प्रदेश से हथियार लाते थे और उन्हें मंजीत महल, गोगी और रणदीप भाटी गिरोह से जुड़े अपराधियों को आपूर्ति करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गाजियाबाद के लोनी निवासी रवि कुमार (38); उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के निवासी सुनील तंवर (33); दिल्ली के द्वारका निवासी योगेश (32); गाजियाबाद के लोनी निवासी रजत उर्फ रज्जू (27); बागपत जिले के निवासी सौरभ (27); और दिल्ली के न्यू कोंडली निवासी निखिल (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि ये सभी छह आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। पुलिस के अनुसार, पहली सफलता 22 मई को मिली जब ताहिरपुर में राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के पास से रवि कुमार और सुनील तंवर को पकड़ा गया। उनके पास से पंद्रह अवैध पिस्तौल बरामद की गयीं। जांच के दौरान, 24 मई को द्वारका सेक्टर-7 से योगेश को गिरफ्तार किया गया, जिससे चार और पिस्तौल तथा पांच जिंदा कारतूस बरामद हुये।
इसके बाद, 26 मई को लक्ष्मी नगर में रजत उर्फ रज्जू और सौरभ को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने रजत के पास से एक पिस्तौल और दो कारतूस तथा सौरभ के पास से एक पिस्तौल और एक कारतूस बरामद किया। स्पेशल सेल के एक अलग अभियान में 22 मई को रोहिणी में हेलीपैड क्षेत्र के पास से निखिल को उस समय गिरफ्तार किया जब वह कथित तौर पर हथियारों की एक खेप पहुंचाने जा रहा था। उसके पास से पांच अवैध पिस्तौल बरामद की गयीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित