कोंडागांव , अप्रैल 21 -- छत्तीसगढ़ के केशकाल थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 115.214 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत 11 लाख 52 हजार 140 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन महिंद्रा एसयूवी 500 को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अरुण कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में अवैध गांजा एवं शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान 20 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से रायपुर की ओर एक कार में गांजा ले जाया जा रहा है।

सूचना के आधार पर केशकाल थाना के सामने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका गया। वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने अपना नाम सूरज सिंह राठौड़ और पंकज पूरी गोस्वामी, निवासी भीलवाड़ा (राजस्थान) बताया। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 53 पैकेटों में पैक गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित